बलुआ क्षेत्र में पुलिस व स्वाट टीम ने लकड़ी के बुरादे की आड़ में चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही 2 करोड़ मूल्य की 1200 पेटी (11,408 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक पकड़ा। हिमाचल और पंजाब निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।
चंदौली। उत्तर प्रदेश में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बलुआ थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 10-चक्का अशोक लीलैंड ट्रक (संख्या HR 65 A 5988) से करीब 2 करोड़ मूल्य की 1200 पेटी (11408.76 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। मौके से दो शातिर तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
घेराबंदी कर तस्करों को पकड़ा
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में आ रहे एक ट्रक को रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर ट्रक सवार चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस और स्वाट टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर ट्रक के डाले में लकड़ी के बुरादे से भरी बोरियों के पीछे छिपाकर रखी गई 'OLD HABBIT' ब्रांड की 1200 पेटी अवैध व्हिस्की बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
लताश (उम्र 34 वर्ष), पुत्र अश्वनी कुमार, निवासी मलाहात, थाना व जिला ऊना (हिमाचल प्रदेश)।
वीरेंद्र (उम्र 35 वर्ष), पुत्र सुरेंद्र, निवासी मलखपुर, थाना लालड़ू, जिला मोहाली SAS नगर (पंजाब)।
1 लाख रुपये के लालच में बिहार में खपाने की थी तैयारी
कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्तों ने संयुक्त रूप से स्वीकार किया कि वे 1 लाख के लालच में चंडीगढ़ (पंजाब) के पास से एक अज्ञात व्यक्ति से शराब लदा यह ट्रक लेकर बिहार जा रहे थे, ताकि वहां इसे ऊंचे दामों पर बेचा जा सके। रास्ते में पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए उन्होंने शराब की पेटियों के ऊपर लकड़ी के बुरादे की बोरियां लाद रखी थीं।
बरामदगी का विवरण:
कुल अवैध शराब: 1200 पेटी (11408.76 लीटर) — OLD HABBIT Whisky (750ml - 195 पेटी, 375ml - 296 पेटी, 180ml - 809 पेटी)
अनुमानित कीमत: करीब ₹2 करोड़
वाहन: 01 ट्रक (अशोक लीलैंड, HR 65 A 5988)
अन्य सामान: 01 ओप्पो स्मार्टफोन, ₹3700 नकद, पर्स, ड्राइविंग लाइसेंस एवं संबंधित दस्तावेज।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मामले में बलुआ थाने में मु0अ0सं0 304/2026 धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में बलुआ थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, व0उ0नि0 अनंत कुमार भार्गव, मारूफपुर चौकी प्रभारी अमित सिंह, उ0नि0 जमीलुद्दीन खान, का0 प्रकाश कुमार तथा स्वाट/सर्विलांस टीम के प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, उ0नि0 आशीष कुमार मिश्रा, हे0का0 प्रेम प्रकाश यादव, मंटू सिंह, आदित्य पांडेय, राणा प्रताप सिंह, अरविंद भारद्वाज, आनंद सिंह, रामानंद यादव, सतीश कुमार सिंह, दीपक मिश्रा व कांस्टेबल नीरज तिवारी, अजीत सिंह, मनीष कुमार, गणेश तिवारी, संदीप कुमार व मनोज यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।