दीनदयाल नगर में भाजपा ने विकसित भारत संकल्प सभा व सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया। प्रभारी मंत्री संजीव गोंड व विधायक रमेश जायसवाल ने 2047 के संकल्प को पूरा करने का आह्वान किया।
चंदौली। भारतीय जनता पार्टी द्वारा दीनदयाल नगर स्थित मानसरोवर तालाब के समीप 'विकसित भारत संकल्प सभा' का भव्य आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुए 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई और संकल्प सभा का आयोजन हुआ, जिसमें भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा व सुना। इसके उपरांत चकिया त्रिमुहानी से भव्य 'सेवा ज्योति यात्रा' निकाली गई, जो सुभाष पार्क पहुंचकर समाप्त हुई। वहां कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के गगनभेदी नारों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद प्रभारी मंत्री संजीव गोंड ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के सेवा और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र व राज्य की 'डबल इंजन सरकार' लगातार विकास और राष्ट्र निर्माण के पथ पर अग्रसर है।
मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के विजन को साकार करेंगे। बिना थके और बिना रुके 25 वर्षों से लगातार जनता की सेवा में समर्पित यशस्वी प्रधानमंत्री हम सभी के प्रेरणा स्रोत हैं और जनता का पूर्ण आशीर्वाद उनके साथ है।
सभा में राज्यसभा सांसद साधना सिंह, दर्शना सिंह, कार्यक्रम प्रभारी मीना चौबे, जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह तथा चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने भी विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखा।
इस अवसर पर राणा प्रताप सिंह, जितेंद्र पांडे, किरण शर्मा, शिवशंकर पटेल, सुजीत जायसवाल, मंडल अध्यक्ष कुंदन सिंह, आशीष गुप्ता, अनिल गुप्ता गुड्डू, महेंद्र पटेल, सुनील श्रीवास्तव, देविका अभिषेक, मीडिया प्रभारी पंकज शर्मा, सौरभ चंद्रा, प्रभु जायसवाल, सपना अग्रहरि, प्रभुनारायण यादव, कमलाकर दुबे, चंद्रकांत तिवारी, विभूति जायसवाल, आराधना गुप्ता, धीरज चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।