चंदौली के रेवसा ITI में भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का 3 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने प्रगणकों को मोबाइल ऐप के जरिए 40 सवालों का सटीक डेटा दर्ज करने का कड़ा निर्देश दिया।
चंदौली। भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्री-टेस्टिंग और पोस्ट-न्यूमरेशन (PE) प्रक्रिया के प्रथम स्लॉट का तीन दिवसीय वृहद मास्टर प्रशिक्षण कार्यक्रम बृहस्पतिवार से शुरू हो गया। रेवसा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में इस प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया गया।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 8, 9 और 10 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें मास्टर ट्रेनर्स द्वारा जिले के प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को बारीकियाँ सिखाई जा रही हैं।
40 प्रश्नों को भरना अनिवार्य, लापरवाही की गुंजाइश नहीं: DM
प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन मात्र नहीं है, बल्कि यह देश और जिले के भविष्य के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव है।
उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहाकि इस बार द्वितीय चरण में परिवार के प्रत्येक सदस्य और उनके विभिन्न सामाजिक व आर्थिक पहलुओं से जुड़े कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। ऐप या फॉर्म में दिए गए सभी 40 प्रश्नों को शत-प्रतिशत भरना अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर त्रुटि, लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सटीक और पारदर्शी आंकड़े ही भविष्य में जनहित की सही सरकारी नीतियों के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे।"
डिजिटल माध्यम और मोबाइल ऐप से होगा प्रविष्टीकरण
सत्र के दौरान जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार ने बताया कि जनगणना की इस प्रक्रिया को त्वरित, सुलभ और त्रुटिरहित बनाने के लिए मुख्य रूप से डिजिटल माध्यम और मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से आंकड़ों का संकलन और प्रविष्टीकरण बेहद कम समय में शुद्धता के साथ पूरा किया जा सकेगा।
नागरिकों से सटीक जानकारी देने की अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि जब जनगणना की टीम (प्रगणक और पर्यवेक्षक) उनके घरों पर पहुंचे, तो वे धैर्यपूर्वक सभी 40 प्रश्नों के सही और सटीक उत्तर देकर इस राष्ट्रीय कार्य में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला जनगणना अधिकारी/एडीएम (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) सहित जिले के कई प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, पर्यवेक्षक और प्रगणक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।