चंदौली। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना (PE) को त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को जनपद चंदौली की सभी तहसीलों में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

डीएम ने नेशनल इंटर कॉलेज का किया औचक निरीक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच की व्यवस्थाओं का जायजा लेने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सदर तहसील क्षेत्र के सैयदराजा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण सत्र में पहुंचकर कर्मचारियों को जनगणना की महत्ता समझाई और पूरी गंभीरता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
Dm
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और नीतिगत निर्णयों का आधार बनने वाला कार्य है। इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रगणकों और सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे जनगणना से संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझें, ताकि गणना का कार्य निष्पक्ष, पारदर्शी और सटीक तरीके से पूरा किया जा सके।

चकिया प्रशिक्षण केंद्र का भी हुआ निरीक्षण
इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा ने चकिया स्थित प्रशिक्षण केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। संबंधित उपजिलाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में जिले के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों पर सत्र संचालित किए जा रहे हैं।

28 अक्टूबर तक चलेगा प्रथम बैच का प्रशिक्षण
प्रशासन के अनुसार, प्रगणकों और सुपरवाइजरों के प्रथम बैच का प्रशिक्षण 27 और 28 अक्टूबर  तक जारी रहेगा। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को जनगणना की तकनीकी जानकारी, डेटा संकलन की सही प्रक्रिया और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के तरीकों से अवगत कराया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी जनगणना कार्य को पूरी सटीकता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न कराया जाए। प्रशासन का जोर है कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का उपयोग मैदानी स्तर पर प्रभावी ढंग से किया जाए, जिससे जनगणना प्रक्रिया में त्रुटियों की संभावना न्यूनतम रहे।