चंदौली। भारत की जनगणना-2027 को लेकर चंदौली जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के द्वितीय चरण के तहत जिले के 10 चार्जों में कुल 3759 प्रगणकों और 644 सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए 70 फील्ड ट्रेनरों की तैनाती की गई है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए तहसीलवार तिथियां और केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
जनगणना -2027 के तहत स्व-गणना का कार्यक्रम 16 से 30 नवंबर तक निर्धारित है, जबकि जनसंख्या गणना का कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलेगा। इसके मद्देनजर प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देकर जनगणना कार्य के लिए तैयार किया जा रहा है।

तहसीलवार निर्धारित किए गए प्रशिक्षण केंद्र
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत चंदौली तहसील के विभिन्न चार्जों के लिए नेशनल इंटर कॉलेज, सैयदराजा को केंद्र बनाया गया है। सकलडीहा तहसील के लिए मां खंडवारी देवी इंटर कॉलेज, चहनियां में प्रशिक्षण निर्धारित किया गया है। वहीं, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर क्षेत्र के लिए आईटीआई, रेवसा में प्रशिक्षण होगा।

चकिया तहसील के प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण एसआरवीएस, सिकंदरपुर में तथा नौगढ़ तहसील के कर्मचारियों का प्रशिक्षण जीआईसी, नौगढ़ में आयोजित किया जाएगा। अलग-अलग चार्जों के अनुसार प्रशिक्षण की तिथियां 26 अक्टूबर से 6 नवंबर तक निर्धारित की गई हैं।

4942 कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने की तैयारी
जारी विवरण के मुताबिक, जिले में कुल 4942 पदों के सापेक्ष 3759 प्रगणकों और 644 सुपरवाइजरों का विवरण दिया गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से संबंधित कर्मचारियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा, जिससे निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार जनसंख्या गणना का कार्य संपन्न कराया जा सके।