धानापुर। छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार, 14 नवंबर को अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया ने धानापुर और बलुआ थाना क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना धानापुर क्षेत्र के नरौली घाट, गुरैनी घाट और प्रहलादपुर घाट के साथ थाना बलुआ क्षेत्र के बलुआ घाट का जायजा लिया। इस दौरान व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, आवागमन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी तैयारियां समय से पूरी करने और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया ने घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त और सतर्क निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जलाशयों में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नाव और गोताखोरों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही खतरनाक और गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कर बांस-बल्ली एवं रस्सियों से सुरक्षा घेरा बनाने पर विशेष जोर दिया।

अधिकारियों ने घाटों पर भीड़ का सुव्यवस्थित प्रबंधन करने, महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सकलडीहा आकांक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, तहसीलदार सकलडीहा अभिजीत प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक धानापुर सूर्य प्रकाश मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक बलुआ संतोष सिंह सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।