सकलडीहा। चंदौली दर्पण की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। सकलडीहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत मधुबन स्थित बनवासी बस्ती में कई दिनों से खराब पड़ा सरकारी हैंडपंप खबर प्रकाशित होने के महज 24 घंटे के भीतर ठीक करा दिया गया। हैंडपंप चालू होने से पेयजल संकट से जूझ रहे दर्जन भर परिवारों ने राहत की सांस ली है।
पानी के लिए आधा किलोमीटर दूर जाने को मजबूर थीं महिलाएं
मधुबन की बनवासी बस्ती में घूरे बनवासी और अंतू बनवासी के घर के पास लगा इकलौता सरकारी हैंडपंप पिछले कई दिनों से खराब था। इसके चलते बस्ती के करीब दर्जन भर परिवारों के सामने पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया था। हालात ऐसे थे कि महिलाओं को एक बाल्टी पानी के लिए करीब आधा किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा था।
समस्या से परेशान महिलाओं ने खराब हैंडपंप के पास खड़े होकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। प्रदर्शन में निर्मला बनवासी, आशा बनवासी, ममता बनवासी, चंपा बनवासी और रामदासी बनवासी समेत कई महिलाएं शामिल हुई थीं। महिलाओं ने हैंडपंप की मरम्मत कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई थी।

खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया विभाग
चंदौली दर्पण में ग्रामीणों की समस्या प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। एडीओ पंचायत की ओर से भेजी गई टीम बुधवार को मौके पर पहुंची और खराब हैंडपंप की मरम्मत कर उसे चालू करा दिया। हैंडपंप से दोबारा पानी निकलने लगा तो बस्ती की महिलाओं के चेहरे खिल उठे।

ग्रामीणों ने जताया आभार
हैंडपंप चालू होने से बस्ती के परिवारों को अब पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासन और चंदौली दर्पण का आभार जताया। खबर के बाद हुई इस कार्रवाई से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।