एनसीईआरटी सदस्यों ने विद्यार्थियों को दी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सीख, विद्यालय परिवार ने अधिकारियों का किया भव्य स्वागत
धानापुर। माध्यमिक विद्यालयों की शैक्षिक एवं प्रशासनिक गुणवत्ता को परखने के उद्देश्य से जिले के धानापुर कस्बे में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इसी क्रम में अमर वीर इंटर कॉलेज सहित कई माध्यमिक विद्यालयों में ग्रेडिंग प्रक्रिया के तहत विशेषज्ञ टीम ने दौरा किया। यह निरीक्षण राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान के अपर निदेशक राजेंद्र प्रताप एवं जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान एनसीईआरटी (NCERT) से आए सदस्यों ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व, पढ़ाई के आधुनिक तरीकों और जीवन में इसके दूरगामी प्रभावों की जानकारी दी। इसके पश्चात टीम ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और प्रशासनिक अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के उपरांत टीम ने अमर वीर इंटर कॉलेज की बेहतर पठन-पाठन और सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गहरा संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रबंधक डॉ. विशाल सिंह तथा प्रधानाचार्य अजय शेखर सिंह ने टीम को हरसंभव सहयोग प्रदान किया। इससे पूर्व विद्यालय परिवार द्वारा नवागत अधिकारियों का अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंटकर भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक डॉ. विशाल सिंह, डॉ. ब्रजेश सिंह, प्रधानाचार्य अजय शेखर सिंह समेत विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।