धानापुर ब्लॉक में 114 स्थानों पर छठ महापर्व मनाया जाएगा। विधायक सुशील सिंह और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
चंदौली। धानापुर ब्लॉक में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। ब्लॉक क्षेत्र के 114 स्थानों पर श्रद्धालु छठ पर्व मनाएंगे। तैयारियों का जायजा लेने के लिए विधायक सुशील सिंह और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने विभिन्न गंगा घाटों और पोखरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। ग्राम विकास अधिकारियों, पंचायत मित्रों, पंचायत सहायकों, सफाईकर्मियों और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ब्लॉक स्तर से तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह की ओर से महिलाओं की सुविधा के लिए घाटों पर कपड़े बदलने के कमरे बनवाए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए सुबह और शाम चाय एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
धानापुर ब्लॉक के नरौली गंगा घाट, अमादपुर, रायपुर, बुद्धपुर, प्रसहता, बड़ौरा, प्रहलादपुर, गुरैनी और विजय दशमी पोखरा समेत कुल 114 स्थानों पर छठ महापर्व मनाया जाएगा। इन सभी स्थानों पर रोशनी, चाय-नाश्ते और श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। घाटों पर अधिकारियों की तैनाती के साथ महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगे।
सुरक्षा के मद्देनजर गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए गंगा घाटों पर बांस-बल्ली लगाकर बैरिकेडिंग की गई है। ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे गहरे पानी में उतरकर स्नान न करें और निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही पर्व मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।