धानापुर ब्लॉक परिसर में आगामी एमएलसी चुनाव की तैयारियों का सकलडीहा एसडीएम आकांक्षा सिंह ने जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष मतदान, पेयजल, छाया और सीसीटीवी कैमरों सहित तमाम व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
चंदौली। जनपद के धानापुर ब्लॉक परिसर में आयोजित होने वाले आगामी शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को सकलडीहा की उप जिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने धानापुर ब्लॉक परिसर पहुंचकर मतदान केंद्रों और बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसडीएम आकांक्षा सिंह ने खंड विकास अधिकारी से मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, छाया, बैरिकेडिंग और पीने के पानी की व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशानुसार 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बताया गया कि धानापुर में शिक्षक एमएलसी के लिए 1 बूथ और स्नातक एमएलसी के लिए 4 बूथ बनाए गए हैं। मतदान के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदाताओं पर सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जाएगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी।
अधिक से अधिक मतदान की अपील
एसडीएम ने ब्लॉक परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, मतदाताओं के सुगम आवागमन और बुनियादी सुविधाओं को लेकर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इसके साथ ही उन्होंने सभी अर्ह मतदाताओं से निर्भीक होकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ राकेश मिश्रा, पुल्लू बाबू, संतोष कुमार सहित ब्लॉक के कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।