धानापुर कस्बे के वार्ड नंबर-6 स्थित काली मंदिर से चोर मां काली का चांदी का मुकुट और प्रतिमा की चांदी की आंखें चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह पुजारी को घटना की जानकारी हुई। मंदिर में चोरी से श्रद्धालुओं में आक्रोश है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
धानापुर। चंदौली जिले में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। अब बेखौफ चोरों ने आस्था के केंद्र मंदिर को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। धानापुर कस्बे के वार्ड नंबर-6 स्थित काली मंदिर में चोरी की घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। चोर मंदिर से मां काली का चांदी का मुकुट और प्रतिमा पर लगी चांदी की आंखें चोरी कर ले गए। घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के पुजारी वेद प्रकाश द्विवेदी बुधवार की सुबह रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे थे। मंदिर में प्रवेश करने के बाद जब उनकी नजर मां काली की प्रतिमा पर पड़ी तो मुकुट और आंखें गायब देखकर वह स्तब्ध रह गए। मंदिर में चोरी की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
देखते ही देखते मंदिर में चोरी की खबर पूरे वार्ड में फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर परिसर में पहुंच गए। मां काली के मंदिर को निशाना बनाए जाने से श्रद्धालुओं में नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने घटना पर चिंता जताते हुए चोरों की जल्द गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में धानापुर के प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मंदिर में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मौके का मुआयना कर मामले की जांच कर रही है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े किए सवाल
मंदिर जैसे धार्मिक और सार्वजनिक आस्था के स्थल पर चोरी की इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों के बढ़ते हौसले से आम नागरिकों के साथ अब धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि आखिर चोरों पर अंकुश कब लगेगा और कब तक लोग अपनी संपत्ति व धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहेंगे। अब सबकी निगाहें पुलिस की जांच और चोरों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।