धानापुर स्थित महराई बिंद पुरवा में बारिश के बीच लवकुश बिंद का कच्चा मकान ढह गया। गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया। ग्राम प्रधान ने आपदा राहत और सरकारी आवास दिलाने का भरोसा दिया।
धानापुर। चंदौली जिले में लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के बीच कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। धानापुर ग्राम सभा के महराई बिंद पुरवा गांव में बीती रात लवकुश बिंद का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।
मकान गिरने की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान रामजी कुशवाहा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित लेखपाल से फोन पर बातचीत कर घटना की रिपोर्ट तैयार करने तथा आपदा राहत कोष से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
बताया जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी से आए अर्नव चक्रवात के प्रभाव से क्षेत्र में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। तेज हवाओं के साथ लगातार हो रही बारिश से कच्चे मकानों पर खतरा बढ़ गया है। जिलाधिकारी की ओर से भी कच्चे मकानों में नहीं रहने की एडवाइजरी जारी की गई है। हालांकि, जिन परिवारों के पास रहने के लिए दूसरा कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है, उनके सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित लवकुश बिंद ने बताया कि मकान गिरने से घर में रखी रजाई, चारपाई, चावल, आटा, दाल और नकदी मलबे में दबकर बर्बाद हो गई। मकान के साथ गृहस्थी का सामान भी नष्ट होने से परिवार के सामने अब रोजी-रोटी और रहने का संकट खड़ा हो गया है।
ग्राम प्रधान रामजी कुशवाहा ने बताया कि पात्र परिवारों को जल्द से जल्द सरकारी आवास दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में लेखपाल और ग्राम विकास अधिकारी से बातचीत की गई है। घटना की रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। धनराशि स्वीकृत होते ही पीड़ित परिवार को आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लवकुश बिंद का मकान पहले से ही काफी जर्जर था और रहने योग्य नहीं रह गया था। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए तत्काल आर्थिक सहायता और सरकारी आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।