धानापुर ब्लॉक परिसर में स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। पांच बूथों पर 4,454 मतदाता वोट डालेंगे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पहचान पत्र की जांच के बाद ही मतदाताओं को प्रवेश दिया जा रहा है।
धानापुर । ब्लॉक परिसर में विधान परिषद वाराणसी खंड-स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान शुरू हो गया है। सुबह 8 बजे से मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

धानापुर ब्लॉक परिसर में मतदान के लिए कुल पांच बूथ बनाए गए हैं। इनमें चार बूथ स्नातक एमएलसी चुनाव और एक बूथ शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए निर्धारित है। बूथों पर महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
पहचान पत्र की जांच के बाद मिल रही एंट्री
मतदान केंद्र पर पहुंचने वाले मतदाताओं के पहचान पत्रों की जांच की जा रही है। सत्यापन के बाद ही उन्हें बूथ के अंदर प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं, मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रत्याशियों के एजेंट भी बूथों पर मौजूद हैं।
धानापुर में 4,454 मतदाता करेंगे मतदान
धानापुर ब्लॉक में शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए कुल 386 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि स्नातक एमएलसी चुनाव में 4,068 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस तरह दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर कुल 4454 मतदाता हैं।
विधान परिषद वाराणसी खंड-स्नातक एवं शिक्षक चुनाव में कुल 34 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 24 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 10 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान को लेकर प्रशासन सतर्क है और बूथों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।