चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव में पूर्व इंजीनियर के बंद मकान से ढाई लाख से अधिक के गहने व नकदी पार। अपराधियों में अब पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है, वे जब चाहे वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नरौली गांव में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। चोरों के मन में अब पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है, वे जब चाहे और जहाँ चाहे अपनी आपराधिक वारदातों को बेझिझक अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामले में बेखौफ चोरों ने एक बंद मकान को अपना निशाना बनाते हुए 25 हजार रुपये नगद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषणों सहित ढाई लाख रुपये से अधिक के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी तब हुई जब पीड़ित मकान मालिक मंगलवार सुबह घर पहुंचे। इस वारदात के बाद से गांव में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश व्याप्त है।
इलाज कराने गए थे इटारसी, लौटते ही उड़े होश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरौली गांव निवासी केसर गिरी, जो भूतपूर्व इंजीनियर हैं, का परिवार मध्य प्रदेश के इटारसी में रहता है। वह दो महीने पूर्व अपना इलाज कराने के लिए इटारसी गए हुए थे और मकान में ताला बंद था। मंगलवार सुबह जब वह वापस गांव लौटे और मुख्य द्वार का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुए, तो कमरे का दृश्य देखकर दंग रह गए।
घर के सभी दरवाजों के ताले खुले पड़े थे और आलमारी व बक्सों का सामान बिखरा हुआ था। चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए थे और इत्मीनान से चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
लाखों के आभूषण व नकदी पार
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरों ने 25,000 रुपये नकद के अलावा 4 जोड़ी चांदी की पायल, 2 पीस चांदी का नारियल, 22 पीस चांदी के पान के पत्ते, 2 पीस सोने की लवंग तथा सोने की सलाई पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत ढाई लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। सूचना पर पहुंची धानापुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
गांव में चौथी बड़ी वारदात, मंदिरों को भी नहीं बख्शा
नरौली गांव में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में चोरी की यह चौथी बड़ी घटना है। इससे पहले चोरों ने गांव के कई मंदिरों को निशाना बनाते हुए वहां से पीतल के भारी घंटे और भगवान की मूर्तियों से चांदी की आंखें तक गायब कर दी थीं।