धानापुर। कस्बे में बीते 17 सितंबर को हुई सनसनीखेज घटना के बाद से तनाव और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। रायपुर जगनिया मार्ग पर मोहम्मद यूनुस शाह की करीब 18 वर्षीय बेटी नाजमा बानो एक मजार के पास गंभीर हालत में बेहोश मिली थी, जिसके गले पर गंभीर चोट के निशान थे। नाजमा को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था।

​घर लौटी पीड़िता, आरोपी की पहचान के बाद भी गिरफ्तारी पर सवाल
​नाजमा पांच दिन पहले ही अस्पताल से घर वापस आ चुकी है। उसने पुलिस को दिए अपने बयान में घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान भी बता दी है। इसके बावजूद, घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी की आधिकारिक गिरफ्तारी न होने से परिजनों में भारी डर का माहौल है।
पीड़िता के पिता यूनुस शाह ने आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सवाल उठाया है कि यदि अपराधी किसी अन्य समुदाय से होता तो अब तक बुलडोजर कार्रवाई हो चुकी होती, लेकिन इस मामले में प्रशासन की चुप्पी क्यों है। वहीं, नाजमा की बड़ी बहन ने भी आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा घर पर एक सिपाही की तैनाती की गई है।

​पुलिस इनकार और स्थानीय दावों के बीच उलझा मामला
​स्थानीय लोगों का कहना है कि लड़की के बयान के तुरंत बाद, रात्रि करीब 7 बजे पुलिस आरोपी सोनू मौर्य को अपने साथ ले गई थी। हालांकि, इसके बाद क्या कार्रवाई हुई, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
​इस संबंध में थाना प्रभारी सूर्यप्रकाश मिश्रा द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी से साफ इनकार किया गया है, जो क्षेत्र में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। सोनू को पुलिस द्वारा ले जाते हुए आसपास के कई लोगों ने देखा था, लेकिन अब उसका कोई पता न चलने से परिजन और अधिक परेशान हैं। स्थिति यह है कि सोनू के पिता भी इस संबंध में चंदौली एसपी से गुहार लगा चुके हैं।
Dhanapur 2
माले नेता की चेतावनी
​मामले की गंभीरता को देखते हुए कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के नेता श्रवण कुशवाहा ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला, तो अखिल भारतीय किसान महासभा और कम्युनिस्ट पार्टी न्याय के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर होगी।