धानापुर। लगातार हो रही बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरना शुरू कर दिया है। खेतों में तैयार धान की फसल को काटकर सुरक्षित रखने की तैयारी कर रहे किसानों के सामने अब नई मुसीबत खड़ी हो गई है। बारिश के कारण खेतों में पानी भर जाने से कटी हुई धान की फसल पानी में डूब गई है।

मामला धानापुर ब्लॉक के अंतर्गत पगही ग्राम के नरहरपुर का है, जहां किसान अर्जुन कुमार की कटी हुई धान की फसल बारिश के पानी में पूरी तरह भीग गई।
Dhan
जानकारी के अनुसार किसान अर्जुन कुमार के पास करीब दो बीघा खेत है। उन्होंने अपनी मेहनत से तैयार धान की फसल में से लगभग 12 बिस्वा की कटाई कर ली थी। कटाई के बाद फसल खेत में ही रखी हुई थी। इसी बीच बारिश होने से खेत में पानी भर गया और उनकी कटी हुई धान की फसल पानी में डूबकर पूरी तरह भीग गई।

हालात ऐसे हो गए कि किसान अर्जुन कुमार को अपनी मेहनत से काटी गई फसल को बचाने के लिए खुद पानी में उतरना पड़ा। वह खेत में जमा पानी के बीच से धान की फसल निकालकर बाहर रख रहे हैं, ताकि किसी तरह बची हुई उपज को सुरक्षित किया जा सके।

किसान की मेहनत पर बारिश की मार
किसान के सामने सबसे बड़ी चिंता अपनी उपज को बचाने की है। महीनों की मेहनत के बाद तैयार हुई फसल को काटने के बावजूद अब उसे सुरक्षित रखना चुनौती बन गया है। खेत में जलभराव के कारण धान के खराब होने की आशंका भी बनी हुई है।

बारिश से प्रभावित किसानों को अब उम्मीद है कि प्रशासन और संबंधित विभाग उनकी स्थिति का संज्ञान लेंगे तथा फसल नुकसान का जायजा लेकर उचित सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाएंगे।