चंदौली। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को शैक्षणिक भ्रमण (एक्सपोजर विजिट) का आयोजन किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) सचिन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर 150 दिव्यांग बच्चों की बसों को वाराणसी के लिए रवाना किया। इस भ्रमण के माध्यम से बच्चों को औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली और आधुनिक तकनीक को करीब से समझने का अवसर मिला।

इस शैक्षणिक भ्रमण में विभिन्न प्रकार की दिव्यांगता वाले कुल 150 विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने हिस्सा लिया। बच्चों को अलग-अलग समूहों में बांटकर वाराणसी स्थित औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण कराया गया। इनमें से 100 बच्चों ने रामनगर स्थित पराग डेयरी मिल्क प्लांट का दौरा किया। यहां बच्चों ने दूध के पाश्चुरीकरण, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग की प्रक्रिया को समझा। वहीं, 50 बच्चों के दल ने पारले-जी बिस्किट फैक्ट्री का भ्रमण कर स्वचालित मशीनों के माध्यम से बिस्किट निर्माण की आधुनिक तकनीक को करीब से देखा।

विशेष शिक्षकों ने बच्चों को सरल भाषा में समझाई प्रक्रिया
पूरे भ्रमण के दौरान बच्चों की सुरक्षा, सुविधा और सहूलियत का विशेष ध्यान रखा गया। सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी तथा समेकित शिक्षा के जिला समन्वयक सुनील कुमार गुप्ता ने बच्चों के साथ रहकर उनका मार्गदर्शन किया। उनके साथ मौजूद विशेष शिक्षकों ने बच्चों को विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी सरल भाषा में दी, ताकि वे भ्रमण के दौरान अधिक से अधिक सीख सकें।

व्यावहारिक अनुभव से बढ़ेगा आत्मविश्वास
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों को वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराते हैं। इससे उनका मानसिक विकास होता है, दुनिया को देखने का नजरिया व्यापक बनता है और आत्मविश्वास मजबूत होता है।

भ्रमण के दौरान पराग डेयरी और पारले-जी फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। साथ ही, बच्चों को उत्पाद भी भेंट किए गए। यह शैक्षणिक यात्रा बच्चों के लिए सीखने, समझने और नए अनुभव प्राप्त करने का यादगार अवसर बनी।