चंदौली। आगामी त्योहारों नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी आयोजन परंपरा के अनुसार ही होंगे और किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। संवेदनशील स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर कमियों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में पूजा पंडालों में शॉर्ट सर्किट से बचाव के लिए बिजली तारों की जांच, मूर्ति विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग व प्रकाश व्यवस्था तथा रावण दहन स्थलों पर अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और छुट्टा पशुओं के प्रबंधन पर जोर दिया। वहीं, त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी रोकने के लिए पनीर, खोया व अन्य खाद्य सामग्रियों की जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में एएसपी विक्रम दहिया, सभी एसडीएम, सीओ व थाना प्रभारी मौजूद रहे।