धीना थाना क्षेत्र के दोहरे हत्याकांड की जांच में पुलिस ने धानापुर के पास मेढ़वा गांव निवासी दो लोगों को हिरासत में लिया है। 22 अक्टूबर को डेढ़गावा के पास बोरे में दो युवकों के शव मिले थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
धानापुर। धानापुर ब्लॉक के पास बुधवार शाम पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस की यह कार्रवाई धीना थाना क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड की जांच से जुड़ी है। हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्ति मेढ़वा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, धीना और धानापुर पुलिस की टीमें पिछले कई दिनों से दोहरे हत्याकांड की जांच में जुटी थीं। हत्याकांड में शामिल आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों और उनके रिश्तेदारों के यहां दबिश दे रही थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया।
बोरे में मिला था दो युवकों का शव
गौरतलब है कि 22 अक्टूबर को धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गावा गांव के पास बोरे में बंद एक शव बरामद हुआ था। बाद में मृतकों की पहचान कानपुर निवासी सागर त्रिपाठी और गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर निवासी सिद्धार्थ सिंह के रूप में हुई थी। इस मामले की जांच के दौरान हिरासत में लिए गए दोनों लोगों के नाम सामने आए थे। इसके बाद से वे फरार बताए जा रहे थे।
रोहतास में भी पकड़े गए थे दो युवक
घटना के अगले दिन बिहार के रोहतास जिले में शराब तस्करी के आरोप में दो युवकों को पकड़ा गया था। उनकी पहचान मेढ़वा निवासी रवि सिंह और अमादपुर निवासी गोलू के रूप में हुई थी।
फिलहाल हिरासत में लिए गए दोनों लोगों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारियों का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस अधिकारियों के बयान और आगे की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।