दशहरे के मौके पर वित्तीय विशेषज्ञ डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने निवेश के रास्ते की 10 बड़ी बाधाओं का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि टालमटोल, दिखावे के खर्च और वित्तीय अनुशासनहीनता जैसी बुराइयों से दूर रहकर ही अगली पीढ़ी के लिए मजबूत संपत्ति बनाई जा सकती है।
चंदौली। रावण दहन के पावन पर्व विजयादशमी पर एलटीपी कैलकुलेटर फिनटेक प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक और डैडीज इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने आर्थिक जीवन की उन दस बड़ी बुराइयों का जिक्र किया है जो व्यक्ति को संपत्ति बनाने से रोकती हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दशहरे पर रावण के दस सिरों का वध किया जाता है, उसी प्रकार हमें अपने वित्तीय जीवन में बाधक बनने वाली आदतों का भी खात्मा करना होगा।
दिखावे और टालमटोल की आदतें रोकती हैं तरक्कीडॉ. तिवारी ने बताया कि निवेश और संपत्ति सृजन की राह में सबसे बड़ी बाधाओं में निवेश को कल पर टालने की टालमटोल की प्रवृत्ति और दिखावे के लिए किया जाने वाला अनावश्यक खर्च शामिल है। इसके अलावा, कम समय में रातों-रात पैसा दोगुना करने का लालच और नुकसान के डर से निवेश से पूरी तरह दूर रहना भी इंसान की आर्थिक प्रगति को रोक देता है।अति-आत्मविश्वास और दूसरों की देखा-देखी से नुकसान
उन्होंने वित्तीय साक्षरता के अभाव और अपनी समझ पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करने की अति-आत्मविश्वास वाली प्रवृत्ति को भी नुकसानदेह बताया। अक्सर लोग दूसरों की देखा-देखी बिना सोचे-समझे निवेश कर बैठते हैं, जो बाद में परेशानी का सबब बनता है। इसके साथ ही, निवेश में धैर्य की कमी यानी अधैर्य, वित्तीय अनुशासनहीनता और अनियोजित व गैरजरूरी कर्ज का बोझ भी व्यक्ति को आर्थिक रूप से कमजोर कर देता है।
अनुशासित निवेश से ही मजबूत होगी अगली पीढ़ी की नींवडॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने सलाह दी कि इन तमाम वित्तीय बुराइयों से बचकर नियमित बजट बनाने, छोटी रकम से अनुशासित निवेश शुरू करने तथा आपातकालीन जरूरतों और परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखने से ही आने वाली पीढ़ी के लिए एक मजबूत और सुरक्षित वित्तीय नींव तैयार की जा सकती है।