चंदौली में नम आंखों से मां महिषासुर मर्दिनी को विदाई दी गई। विसर्जन यात्रा के दौरान सिंह वाहिनी क्लब नेगुरा के डीजे पर डांस ने सबका ध्यान खींचा। जानिए कहां-कहां हुआ प्रतिमा विसर्जन।
चंदौली। नगर पंचायत में शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा महोत्सव के भव्य समापन के बाद बुधवार को मां महिषासुर मर्दिनी की प्रतिमाओं का विसर्जन पूरी आस्था, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। विसर्जन के दौरान पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। मां के अंतिम दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भक्तों के गगनभेदी जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। मां को भावुक विदाई देते हुए श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से आगमन की प्रार्थना की।

गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य विसर्जन यात्रा
नगर पंचायत के श्रीराम जानकी शिवमठ मंदिर, यंग बॉयज क्लब, शिव क्लब और मां सती सेवा समिति सहित विभिन्न पूजा पंडालों में स्थापित मां महिषासुर मर्दिनी की प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजाए गए वाहनों पर विराजमान किया गया। गाजे-बाजे और भक्तिमय गीतों के साथ विसर्जन यात्रा नगर के विभिन्न वार्डों से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने मां की आरती उतारी और सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।


सिंह वाहिनी क्लब नेगुरा के डीजे डांस ने बटोरा आकर्षण, झूम उठे श्रद्धालु
विसर्जन यात्रा में सिंह वाहिनी क्लब नेगुरा की ओर से किया गया आयोजन लोगों के बीच विशेष चर्चा और आकर्षण का केंद्र बना रहा। मूर्ति विसर्जन के दौरान सिंह वाहिनी क्लब के युवाओं और श्रद्धालुओं ने डीजे की धुन पर जमकर और झूम-झूम कर डांस किया। भक्ति गीतों की लय पर युवाओं का यह उत्साह देखने लायक था, जिसे देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पूरे मार्ग में इस क्लब की ऊर्जा और भक्ति का माहौल छाया रहा।


प्रमुख पोखरों व नहर में विधि-विधान से हुआ विसर्जन
भक्ति, उल्लास और नम आंखों के बीच मां की प्रतिमाओं को नगर पंचायत स्थित मां काली पोखरा, सावजी पोखरा तथा जसुरी गांव के पास नहर ले जाया गया, जहां विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। विसर्जन के साथ ही इस वर्ष के दुर्गा पूजा महोत्सव का शांतिपूर्ण व भव्य समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने मां से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता बनाए रखने का आशीर्वाद मांगा।

