अमेठी में तैनात चंदौली जिले के मेढवा गांव निवासी हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद्र यादव का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर पैतृक घर पहुँचा, जहाँ राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
धानापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मेढ़वा गाँव निवासी और अमेठी के रामगंज पुलिस चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद्र यादव (45) का दिल का दौरा पड़ने से असामयिक निधन हो गया। शनिवार भोर में उनका पार्थिव शरीर पैतृक घर पहुँचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सुबह उन्हें राजकीय सम्मान के साथ नम आँखों से अंतिम विदाई दी गई।
अचानक बिगड़ी थी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल प्रकाश चंद्र यादव 8 अक्टूबर को अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गए थे। उनके साथी हेड कांस्टेबल बलेंद्र यादव और हेमंत कुमार ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत सुल्तानपुर के व्योनिका अस्पताल पहुँचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया, जहाँ 8 अक्टूबर को ही उन्हें भर्ती कराया गया था। मेडिकल टीम के तमाम प्रयासों के बावजूद 9 अक्टूबर की सुबह करीब 9:00 बजे उन्होंने अंतिम साँस ली।

गमगीन माहौल में हुई अंतिम विदाई
मृतक के परिवार में पत्नी चंद्रकला यादव, दो बेटे (अभिषेक चंद्र यादव व विवेक चंद्र यादव) और एक बेटी (रिया यादव) हैं। दोनों बेटे और बेटी प्रयागराज में रहकर पढ़ाई करते हैं। उनके निधन से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
अंतिम यात्रा के दौरान छोटे पुत्र विवेक चंद्र यादव ने मुखाग्नि दी। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव, पूर्व प्रधान रमाकांत यादव, मंगल कवि, राजा यादव, समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष रामजन्म यादव, सोनू सिंह, रामधनी यादव, मुकेश मौर्य और प्रधान सियाराम यादव सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण व गणमान्य लोग उपस्थित रहे। हर किसी की आँखें नम थीं और सभी ने मिलनसार स्वभाव के धनी जवान को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।