चंदौली। जनपद के इलिया थाने में तैनात उपनिरीक्षक विजय कुमार राय (52) के आकस्मिक निधन से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। सुबह टहलकर लौटने के बाद अचानक सीने में तेज दर्द उठने से उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद अस्पताल ले जाते समय डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रात में ड्यूटी के बाद सुबह टहलने निकले थे दरोगा
​मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र स्थित काछीकला गांव के निवासी विजय कुमार राय (पुत्र स्व. विद्यासागर राय) शहाबगंज थाने में उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार/बुधवार की रात रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद उन्होंने भोजन किया और आराम करने चले गए।
​सुबह उठकर वह लोअर और टी-शर्ट पहनकर रोजाना की तरह टहलने निकले थे। टहलने के बाद जब वह थाने वापस लौटे, तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत किया घोषित
​तबीयत बिगड़ते देख थाने में मौजूद साथी पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। सहयोगियों ने बिना कोई देर किए आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज पहुंचाया। हालांकि, वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि उनकी मृत्यु हृदयगति रुकने (हार्ट अटैक) के कारण हुई है।

1994 में सिपाही के रूप में शुरू किया था सफर
​विजय कुमार राय वर्ष 1994 में उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। अपनी निष्ठा और कार्यकुशलता के बल पर पदोन्नति प्राप्त कर वह उपनिरीक्षक बने थे। उनके इस तरह अचानक चले जाने से शहाबगंज थाने सहित पूरे जनपद के पुलिस महकमे और मऊ स्थित उनके पैतृक गांव में मातम पसरा हुआ है। साथी पुलिसकर्मी उन्हें एक मृदुभाषी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में याद कर रहे हैं।