चंदौली। वोट चोरी के गंभीर आरोप और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को इंडिया गठबंधन के बैनर तले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने के प्रयास में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई तीखी धक्का-मुक्की में सदर कोतवाल समेत तीन पुलिसकर्मी आग की चपेट में आकर झुलस गए, जिससे कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया।

सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर और कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट पहुंचते ही प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय और अन्य पुलिसकर्मियों ने जब जलता हुआ पुतला छीनने की कोशिश की, तो मची अफरा-तफरी के बीच कोतवाल समेत तीन जवान आग से झुलस गए। अन्य सहयोगियों ने तत्काल उन्हें आग से दूर किया।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान चुनावी प्रक्रिया से निष्पक्षता समाप्त हो रही है। नेताओं ने कथित वोट चोरी की निष्पक्ष जांच कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त के तुरंत इस्तीफे की मांग की। बाद में कार्यकर्ताओं ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

इस मौके पर सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव, पूर्व सांसद रामकिशुन, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, पूर्व प्रमुख बाबूलाल यादव, नगर अध्यक्ष सुनील यादव गुड्डू, कांग्रेस महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना, योगेश यादव चकरू, जमील अहमद और परवेज़ अहमद जोखू सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।