कंदवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पिकअप से तस्करी कर बिहार ले जाए जा रहे चार गोवंश बरामद किए। पुलिस ने बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश कर रहे तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया।
धीना। कंदवा थाना पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार गोवंशों को बरामद किया है। पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। बरामद गोवंशों को पिकअप के जरिए बिहार ले जाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल के नेतृत्व में पुलिस टीम शनिवार को तलाशपुर तिराहे के पास ककरैत मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने के लिए बैरियर लगाया तो चालक बैरियर में टक्कर मारकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और वाहन सवार तीनों आरोपितों को पकड़ लिया।
पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें चार गोवंश बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हेमचन्द्र चौधरी निवासी सोनभद्र तथा राजेन्द्र सिंह यादव और गोरख सिंह निवासी बक्सर, बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने गोवंशों को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।