चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के समीप सैयदराजा-जमानिया मार्ग पर मंगलवार तड़के एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रहे गिट्टी लदे अनियंत्रित ट्रक ने एक पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी और अनियंत्रित हुआ ट्रक भी सीधे उसके ऊपर पलट गया। इस भयानक हादसे में ट्रक व गिट्टी के मलबे के नीचे दबने से पिकअप चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मिर्च लादकर जमानिया जा रहा था चालक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलुआ थाना क्षेत्र के महगांव निवासी बहादुर चौहान का 28 वर्षीय पुत्र अजय चौहान पेशेवर रूप से पिकअप से सब्जियों की ढुलाई का कार्य करता था। मंगलवार सुबह करीब तीन बजे वह अपनी पिकअप में मिर्च लादकर सैयदराजा के रास्ते जमानिया की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कंदवा थाना क्षेत्र के समीप पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे गिट्टी लदे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
File Photoमृतक बहादुर चौहान की फाइल फोटो

क्रेन और राहत-बचाव कार्य में बीते कई घंटे

हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी और गिट्टी से लदा ट्रक भी संतुलन खोकर सीधे पिकअप के ऊपर जा पलटा। पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गई और अजय उसके अंदर बुरी तरह फंस गया। मार्ग से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने तुरंत हादसे की सूचना कंदवा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कंदवा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्काल क्रेन बुलवाकर पिकअप के ऊपर पड़े भारी-भरकम ट्रक और गिट्टी के मलबे को हटाने का काम शुरू कराया।


परिजनों में मचा कोहराम
कई घंटों की कड़ी मशक्कत और कड़ी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने ट्रक को गड्ढे से बाहर निकाला और पिकअप के अंदर फंसे अजय चौहान को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवा चालक की मौत की खबर मिलते ही उसके गांव महगांव और परिजनों में चीख-पुकार मच गई और रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई में जुटी है।