कमालपुर। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के डेढ़ावल चौकी अंतर्गत खोर गांव में कथित तौर पर शराब और गांजा की खुलेआम बिक्री का मामला सामने आया है। गांव में नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीण रमेश, सुरेश, विनोद और अजीत का आरोप है कि गांव में लंबे समय से शराब और गांजा बेचा जा रहा है। इसका सबसे बुरा असर बच्चों और युवाओं पर पड़ रहा है। उनके मुताबिक, गांव के कई बच्चे नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। इसके साथ ही गांव में आपसी विवाद, झगड़े और छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने डेढ़ावल चौकी प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि पैसे लेकर गांजा बिक्री को संरक्षण दिया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, इस मामले में सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।