चंदौली। जिले में शराब तस्करों के हौसले बुलंद नजर आए। तस्करों को रोकने के दौरान सकलडीहा थाना अध्यक्ष भूपेंद्र निषाद की गाड़ी को तस्करों ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस की गाड़ी नाली से टकरा गई और उसका एक पहिया टूटकर अलग हो गया। हादसे में थाना अध्यक्ष भूपेंद्र निषाद समेत उनके हमराही बाल-बाल बच गए।
जानकारी के मुताबिक, कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि शराब तस्करों का वाहन भोपौली की तरफ से सकलडीहा होते हुए गुजर रहा है। सूचना मिलते ही सकलडीहा थाना अध्यक्ष भूपेंद्र निषाद पुलिस टीम के साथ तस्करों को रोकने के लिए सक्रिय हो गए। इसी दौरान चंदौली-सैदपुर स्टेट हाईवे पर भोजपुर के समीप तस्करों ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

तीन थानों की पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश
बताया जा रहा है कि तस्करों ने चंदौली में भी पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर भागने का प्रयास किया। तीन थानों की पुलिस को चकमा देते हुए तस्कर लगातार भागने की कोशिश करते रहे। इसके बाद सैयदराजा थाना क्षेत्र में बिहार बॉर्डर के समीप हाईवे पर नाकेबंदी की गई। पुलिस की घेराबंदी देखकर तस्कर अपना वाहन छोड़कर फरार हो गए।

ट्रक में शराब छिपाकर ले जाने की आशंका
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि ट्रक में बाहर की तरफ कंबल और गत्ता रखकर अंदर शराब छिपाई गई थी, ताकि तस्करी के दौरान पुलिस को शक न हो। हालांकि, ट्रक में शराब की मात्रा और तस्करी से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल, चंदौली सदर थानाध्यक्ष ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुटे हैं। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।