चंदौली। जिले के बबरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पचोखर गांव से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहाँ स्थित 'महादेवी भारत गैस एजेंसी' के गोदाम को बेखौफ चोरों ने अपना निशाना बनाया। सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर भीतर रखे 140 रसोई गैस सिलेंडर पार कर दिए। गायब हुए सिलेंडरों की अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
​
​घटना का खुलासा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब एजेंसी के कर्मचारी रोज़ाना की तरह गोदाम खोलने पहुँचे। गोदाम का ताला टूटा देख और भीतर से भारी मात्रा में सिलेंडर गायब पाकर कर्मचारियों के होश उड़ गए। कर्मचारियों ने फौरन इसकी जानकारी एजेंसी संचालक चिंता देवी के पति भोला बिन्द को दी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया।
​
​सूचना मिलते ही बबुरी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना कर जाँच-पड़ताल शुरू कर दी। संचालक भोला बिन्द ने बताया कि उनके गोदाम में चोरी की ऐसी वारदात पहली बार हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले का जल्द से जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और चोरी गए सिलेंडर बरामद किए जाएं।