चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित चंदौली मझवार रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित ओवरब्रिज पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उस पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दूसरे युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

​मिली जानकारी के अनुसार, फगुईया गांव निवासी जितेंद्र गुप्ता का 19 वर्षीय पुत्र प्रवीण कुमार गुप्ता उर्फ शिव और अनिल गुप्ता का 18 वर्षीय पुत्र अनुराग गुप्ता बाइक से वाराणसी दुर्गा पूजा देखने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक चंदौली मझवार स्टेशन के नवनिर्मित ओवरब्रिज पर पहुंची, रफ्तार तेज होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो गया।

​अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
​हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिव कुमार गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अनुराग गुप्ता की हालत गंभीर बनी हुई है और जिला अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

​परिजनों में मचा कोहराम, गांव में छाया शोक
​त्योहार के माहौल के बीच शिव कुमार की अचानक मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने घर ले गए।

​ओवरब्रिज पर आवारागर्दी और स्टंटबाजी बनी मुसीबत
​स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चंदौली मझवार रेलवे स्टेशन का यह नवनिर्मित ओवरब्रिज आए दिन हादसों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है। यहां पर कुछ मनचले किस्म के युवक आए दिन अपनी हरकतों से बाज नहीं आते और तेज रफ्तार बाइक से स्टंट करते नजर आते हैं।

​इतना ही नहीं ओवरब्रिज पर खड़े होकर आने-जाने वाले लोगों का वीडिओ बनाकर उन्हें परेशान करने की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि इस ओवरब्रिज पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और ऐसे उपद्रवी तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों और अवैध गतिविधियों पर रोक लग सके।