चंदौली। जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मरकनिया गांव में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग के नहर में डूबने की खबर से हड़कंप मच गया। नहर की मेड़ पर उनके कपड़े और डंडा बरामद होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने नहर में उतरकर तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

जानकारी के अनुसार, मरकनिया गांव निवासी 60 वर्षीय सामूराम सोमवार सुबह करीब 6 बजे घर से 100 मीटर दूर माइनर की ओर टहलने के लिए निकले थे। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान ग्रामीणों को मारकानिया गांव के समीप स्थित भोपाली नहर की मेड़ पर सामूराम की लूंगी, गमछा और डंडा रखा मिला।

सामग्री मिलने के बाद परिजनों ने आशंका जताई है कि बुजुर्ग अनियंत्रित होकर या पैर फिसलने से नहर के गहरे पानी में गिर गए होंगे। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल पानी में उतरकर उनकी खोजबीन शुरू कर दी, हालांकि नहर में जलस्तर अधिक होने के कारण तलाश अभियान में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि घटना की सूचना बलुआ पुलिस को तत्काल दे दी गई थी, लेकिन हादसे के घंटों बाद तक भी पुलिस बल मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस की इस कार्यप्रणाली से लोगों में आक्रोश है। फिलहाल ग्रामीण अपने स्तर पर गोताखोरों की मदद से पानी में सामूराम की तलाश कर रहे हैं। हालांकि, अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बुजुर्ग नहर में डूबे हैं या उनके साथ कोई अनहोनी हुई है।