चंदौली के एम०सी०एच० विंग में महिला कल्याण विभाग द्वारा 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। 26 नवजात बालिकाओं को बेबी किट वितरित की गई और अभिभावकों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी दी गई।
चंदौली। महिला कल्याण विभाग, चंदौली द्वारा 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' योजना के अंतर्गत गुरुवार को एम०सी०एच० विंग चंदौली के एस०एन०सी०यू०, पी०एन०सी० एवं एल०आई०सी०यू० वार्ड में एक भव्य 'कन्या जन्मोत्सव' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
26 नवजात बालिकाओं को मिली बेबी किट
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में जन्मीं कुल 26 नवजात बालिकाओं को विशेष बेबी किट वितरित कर अत्यंत उत्साह के साथ कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। नवजात बेटियों के आगमन पर अस्पताल परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने बेटियों के स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना' की दी गई जानकारी
जन्मोत्सव के दौरान बालिकाओं के अभिभावकों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा बेटियों के हित में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने अभिभावकों को बताया कि नवजात बालिकाओं का 'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना' के तहत निर्धारित श्रेणी में आवश्यक अभिलेखों के साथ आवेदन कराकर योजना का सीधा आर्थिक लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में एम०सी०एच० विंग चंदौली के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.सी. सिंह, महिला कल्याण विभाग से जिला मिशन को-ऑर्डिनेटर श्रीमती रागिनी सिंह, वन स्टॉप सेंटर यूनिट-2 की केंद्र प्रबंधक मुस्कान सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट पुष्पा कुशवाहा, अमन कुमार सिंह, डीएनएस प्रशंसा सहित अस्पताल के अन्य स्वास्थ्य कर्मी एवं विभागीय प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।