चंदौली। शासन एवं पुलिस प्रशासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद चंदौली में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति 6.0' अभियान के तहत मंगलवार को एक भव्य 'महिला सुरक्षा एवं सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं, खिलाड़ियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एनजीओ प्रतिनिधियों और सराहनीय कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

वन-स्टॉप सपोर्ट सिस्टम के रूप में काम कर रहे 'महिला सुरक्षा केंद्र'
कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा महिला सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी गई। बताया गया कि थानों में संचालित महिला हेल्प डेस्क को अब 'महिला सुरक्षा केंद्र' के रूप में सुदृढ़ किया गया है, जो महिलाओं के लिए 'वन-स्टॉप सपोर्ट सिस्टम' की तरह कार्य कर रहे हैं। यहाँ पीड़ितों को परामर्श (काउंसलिंग), विधिक सहायता और मार्गदर्शन एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा चौपाल लगाकर महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वहीं, समाज के विभिन्न वर्गों की महिलाओं को जोड़कर 'महिला वालंटियर फोर्स (MVF)' का विस्तार भी किया जा रहा है।
Samman 3

इन्हें मिला उत्कृष्ट कार्य का सम्मान

समारोह में अपने-अपने क्षेत्रों में मिसाल पेश करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया:–
खेल क्षेत्र: एथलेटिक्स की कुमारी मनीषा राय‚ कुश्ती की कुमारी संगीता, कुमारी वंदना व कुमारी संध्या‚ भारोत्तोलन की कुमारी मानसी यादव व साहिब खान तथा कबड्डी की कुमारी निकिता व कुमारी स्मृति सोनकर।
बाल विकास विभाग: आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुमन देवी एवं अंजू देवी।
सामाजिक क्षेत्र/एनजीओ: कुमारी सोनी, कुमारी शहाना, सुश्री शहनाज मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान तथा श्रीमती बिंदु सिंह ग्राम्य संस्थान, नौगढ़।
पुलिस सेवा: उत्कृष्ट कार्य के लिए महिला मुख्य आरक्षी शशि किरन राय थाना कोतवाली मुगलसराय और महिला आरक्षी अनामिका थाना बलुआ को सम्मानित किया गया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह, चकिया विधायक कैलाश आचार्य और सैयदराजा विधायक  सुशील सिंह मौजूद रहे। अतिथियों ने सम्मानित होने वाली नारी शक्तियों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय कुमार राय और प्रतिसार निरीक्षक वेदमणी मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि चंदौली पुलिस जिले में महिलाओं के लिए भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।