चन्दौली। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश शासन के महत्वाकांक्षी अभियान 'मिशन शक्ति' फेज-6.0 का चन्दौली जनपद में भव्य आगाज हुआ। पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल के नेतृत्व में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशाल पैदल मार्च निकाला गया।

चन्दौली पुलिस लाइन से पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर इस जागरूकता पैदल मार्च को रवाना किया। यह मार्च पुलिस लाइन से शुरू होकर चन्दौली कस्बा होते हुए ग्राम बिछिया तक गया और पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान 'सशक्त नारी — सुरक्षित समाज' के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी और प्रतिसार निरीक्षक वेदमणी मिश्रा समेत भारी संख्या में महिला पुलिसकर्मी, होमगार्ड, एएनएम, नर्सिंग की छात्राएं, महिला सफाई कर्मचारी, आशा बहुएं और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
अभियान के तहत पुलिस टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और विद्यालयों में महिलाओं व बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही आपातकालीन सेवाओं जैसे 1090 (वुमन्स पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्डलाइन) और 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) की जानकारी दी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट किया कि महिलाओं को निडर होकर आगे बढ़ने का सुरक्षित माहौल देना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या उत्पीड़न की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने को दें।