चंदौली। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से मतदान पार्टियों को जरूरी चुनावी सामग्री के साथ उनके संबंधित बूथों के लिए रवाना किया गया। जिले में कल यानी शुक्रवार, 23 अक्टूबर को कुल 10 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मतदान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पीठासीन अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
Add sanajyसुरक्षा के कड़े इंतजाम और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात
चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले को पांच जोन में बांटा गया है, जहां पांच जोनल मजिस्ट्रेट और 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा जोनल एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसमें एक उपनिरीक्षक, चार मुख्य आरक्षी/आरक्षी, चार महिला आरक्षी और एक सेक्शन पीएसी बल की तैनाती की गई है।

मतपत्र से होगा मतदान, नियमों का कड़ाई से पालन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यह मतदान सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक संपन्न होगा। इस चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के स्थान पर पारंपरिक मतपत्र और मतपेटी का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदान केंद्र परिसर तथा उसके 100 मीटर के दायरे में प्रचार करने, अनधिकृत वाहनों के प्रवेश और अनावश्यक भीड़ लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा जांच के दौरान स्याही, फाउंटेन पेन, पानी की बोतल या अन्य कोई भी तरल पदार्थ ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखी जाएंगी मतपेटियां
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कलेक्ट्रेट स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। इसके पश्चात आगे की प्रक्रिया के तहत इन्हें वाराणसी की मंडी समिति, पहड़िया भेजा जाएगा।