चंदौली। मुगलसराय क्षेत्र के पथरा गांव में जमीन के कथित फर्जीवाड़े ने राजस्व महकमे से लेकर प्रशासनिक गलियारों तक में हड़कंप मचा दिया है। बंजर जमीन की गलत तरीके से रजिस्ट्री कराने और नक्शे में हेरफेर करने के गंभीर आरोपों में पुलिस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख उर्मिला देवी, उनके पति अरविंद कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सुनील कुमार सिंह, लेखपाल सियाराम और कानूनगो जगदंबा सिंह सहित आठ नामजद तथा 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

​पीड़ित की शिकायत पर हुई कार्रवाई
​मुकदमा पथरा गांव निवासी गया प्रसाद उर्फ अंगनू यादव की तहरीर पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, यह पूरा विवाद आराजी संख्या 136/1, 136/5 और 136/2 से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि आराजी संख्या 136/1 पुराने राजस्व अभिलेखों में बंजर भूमि के रूप में दर्ज थी। इसके बावजूद वर्ष 2009 में गलत तथ्यों और फर्जी चौहद्दी का उल्लेख करके इसका विक्रय विलेख तैयार कराया गया। पहले यह जमीन मीना देवी और बाद में पूर्व ब्लॉक प्रमुख उर्मिला देवी के नाम कराई गई।

​पैमाइश के दौरान अभद्रता और धक्का-मुक्की का आरोप
​शिकायतकर्ता ने बताया कि 30 जून 2022 को नायब तहसीलदार, लेखपाल और कानूनगो अन्य सहयोगियों के साथ विवादित जमीन की पैमाइश व सीमांकन करने पहुंचे थे। जब पीड़ित ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कागजात और जानकारी मांगी, तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। राहगीरों के बीच-बचाव के बाद आरोपी मौके से हटे।

​नक्शे में हेरफेर कर भूखंड सटाने की साजिश
​बाद में जब पीड़ित ने पुराने बैनामों और राजस्व अभिलेखों की गहन जांच की, तब इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। आरोप है कि आराजी संख्या 136/1 और 136/5 को नक्शे में इस तरह से दर्शाया गया ताकि दोनों अलग-अलग भूखंडों को एक-दूसरे से सटा हुआ दिखाया जा सके और सरकारी जमीन पर कब्जा जमाया जा सके।

​इन गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
​पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर धारा 323, 504 506, 419, 420, 467. 468. 471. 120बी. 166 और 167 के तहत मूकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।