नगर पंचायत के श्री श्री मां संतोषी मंदिर सेवा समिति की ओर से विजयदशमी के अवसर पर भव्य रावण दहन का आयोजन किया गया। जय श्रीराम के जयघोष और देर रात तक हुई रंग-बिरंगी आतिशबाजी के साथ असत्य पर सत्य की जीत का संदेश दिया गया।
चंदौली। नगर पंचायत स्थित प्रसिद्ध श्री श्री मां संतोषी मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में मंगलवार की रात विजयदशमी के पावन पर्व पर भव्य रावण दहन का आयोजन किया गया। रावण के पुतले का दहन होते ही पूरा क्षेत्र प्रभु श्रीराम और हर-हर महादेव के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान नगरवासियों में जबरदस्त उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश
विजयदशमी पर्व पर आयोजित इस पारंपरिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। जैसे ही रावण के पुतले में अग्नि प्रज्वलित की गई, उपस्थित अपार जनसमूह ने बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का जश्न मनाया।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि यह पर्व हमें अपने भीतर छिपे अहंकार, क्रोध, अन्याय और बुराइयों का त्याग कर सत्य तथा सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्रीराम द्वारा अधर्म के प्रतीक रावण का संहार कर धर्म की स्थापना का यह संदेश युगों-युगों तक मानव जाति का मार्गदर्शन करता रहेगा।
देर रात तक आतिशबाजी से जगमगाया आसमान
रावण दहन के तुरंत बाद समिति के युवाओं द्वारा देर रात तक मनमोहक और भव्य आतिशबाजी की गई। रंग-बिरंगी रोशनी और पटाखों से आसमान जगमगा उठा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग डटे रहे। पूरे नगर में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर समिति के राजेश मोदनवाल, राजकुमार मोदनवाल, विनोद मोदनवाल, एडवोकेट वसंत अग्रहरि, रवि सेठ, प्रदीप अग्रहरि, विनय गुप्ता, सूरज जायसवाल, गोलू मोदनवाल, मनीष अग्रहरि, यश जायसवाल, विशाल वर्मा, दिनेश अग्रहरि, शुभम अग्रहरि, अमित मोदनवाल सहित कई प्रमुख नागरिक एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।