बबुरी थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में जमीन बंटवारे और भूत-प्रेत के विवाद में खूनी संघर्ष। भतीजे और उसके बेटे के लाठी-डंडों के हमले से घायल चाचा संग्राम (60) की वाराणसी ट्रामा सेंटर में मौत, दो आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज।
चंदौली। जिले के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर गांव में जमीन के बंटवारे और भूत-प्रेत के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शुक्रवार की देर शाम भतीजे और उसके बेटे ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर अपने ही चाचा-चाची को लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल चाचा संग्राम (60) की शनिवार सुबह वाराणसी के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
जमीन बंटवारे और अंधविश्वास को लेकर पुरानी रंजिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक संग्राम मूल रूप से महादेव गांव के रहने वाले थे और फिलहाल शाहपुर गांव में निवास कर रहे थे। उनके भाई (दिवंगत रामसूरत) के परिवार से लंबे समय से जमीन के बंटवारे का विवाद चला आ रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र को लेकर भी काफी समय से तनाव व वैमनस्यता की स्थिति बनी हुई थी, क्योंकि दोनों पक्षों के कुछ लोग ओझा-सोखा का कार्य भी करते थे।
पैसे की लेनदेन की बात पर कुएं के पास हुआ हमला
घटना वाले दिन शुक्रवार को रामसूरत का पुत्र प्यारे अपने बेटे जितेंद्र के साथ संग्राम के घर पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने जमीन बिक्री के हिस्से का पैसा लेने के बहाने संग्राम को साथ चलने को कहा, जिस पर संग्राम अपनी पत्नी माया के साथ उनके साथ चल दिए। गांव के बीच स्थित कुएं के पास पहुंचते ही दोनों पक्षों में पुरानी बातों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि प्यारे और जितेंद्र ने लाठी-डंडों से संग्राम व उनकी पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान संग्राम ने तोड़ा दम
हमले में दंपती के गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से दोनों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां संग्राम की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। शनिवार की सुबह डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद संग्राम की सांसें थम गईं। मृतक अपने पीछे तीन बेटों का परिवार छोड़ गए हैं, वहीं उनकी पत्नी माया का इलाज जारी है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पीडीडीयू नगर के क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला जमीन के बंटवारे और आपसी अंधविश्वास के विवाद से जुड़ा हुआ पाया गया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम वाराणसी में कराया जा रहा है। मामले में नामजद दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का अभियोग दर्ज कर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।