चंदौली। जनपद के धीना थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब डेढ़गांवा गांव के समीप नहर में बोरे में बंद एक शव बरामद हुआ। इस सनसनीखेज घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

सूत्रों के मुताबिक क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर बोरे में शव पड़े होने की सूचना मिली थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

मामले की पुष्टि करते हुए धीना थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर रवाना कर दी गई थी। एक स्थान पर बोरे में बंद शव मिल चुका है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, दूसरे स्थान पर भी शव होने की सूचना की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की गहन जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे किसका हाथ है।