चंदौली। जिले में लेखपालों का कार्य बहिष्कार लगातार जारी है, जिससे प्रशासनिक कामकाज के साथ-साथ आम जनता की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। शनिवार को आयोजित 'संपूर्ण थाना समाधान दिवस' के दौरान जिले के सभी थानों पर लेखपालों ने कार्य बहिष्कार कर हाथों में काली पट्टी बांधकर अनोखे और कड़े अंदाज में अपना विरोध प्रदर्शन किया। इस हड़ताल का सीधा असर विभिन्न प्रकार के राजस्व कार्यों और सबसे अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं व छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है।
Any

थानों पर दिखा विरोध, जिलेभर में ठप रहे कार्य

मिली जानकारी के अनुसार, अपनी विभिन्न सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपाल संघ आंदोलन की राह पर है। शनिवार को जिले के सभी थानों में आयोजित होने वाले समाधान दिवस में लेखपालों ने शिरकत तो की, लेकिन कार्य से पूरी तरह विरक्त रहे। उन्होंने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताया। इस दौरान थानों पर आने वाले फरियादी राजस्व मामलों के निस्तारण के लिए भटकते नजर आए, लेकिन लेखपालों के कार्य बहिष्कार के कारण उन्हें बैरंग वापस लौटना पड़ा।
Shahabganj

छात्रवृत्ति और शिक्षक भर्तियों के फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थी परेशान

लेखपालों के इस कार्य बहिष्कार का सबसे गंभीर असर विद्यार्थियों और युवाओं पर पड़ रहा है। आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों का सत्यापन और निर्गम कार्य पूरी तरह ठप होने से छात्रवृत्ति (Scholarship), सुपर टेट (Super TET), और पीजीटी (PGT) जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं के फॉर्म भरने वाले छात्र-छात्रएं बेहद चिंतित हैं। निर्धारित अंतिम तिथियों के नजदीक होने के कारण युवा अपने भविष्य को लेकर पशोपेश में हैं कि यदि समय रहते प्रमाण पत्र नहीं मिले, तो उनके फॉर्म छूट सकते हैं।

जिला प्रशासन के सामने बड़ा सवाल: क्या होगा निराकरण?
जिले के सभी थानों और तहसीलों में इस प्रकार कामकाज ठप होने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इस गतिरोध का क्या और कब तक निराकरण निकलेगा? जिला प्रशासन को इस गंभीर स्थिति का संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द लेखपाल संघ के साथ वार्ता कर कोई ठोस समाधान निकालना चाहिए, ताकि छात्रों और आम जनता को राहत मिल सके।