चंदौली के जिला अस्पताल में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर यथार्थ नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। मनोचिकित्सक डॉ. नितेश सिंह ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व और भ्रांतियों को दूर करने पर दिया जोर।
चंदौली।
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शनिवार को पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला संयुक्त चिकित्सालय, चंदौली में यथार्थ नर्सिंग कॉलेज एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के बीएससी नर्सिंग पंचम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आमजन को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करना और मानसिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों के प्रति सहयोगात्मक व संवेदनशील व्यवहार को बढ़ावा देना रहा।
मानसिक स्वास्थ्य समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा: डॉ. नितेश सिंह
कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता उपस्थित एमडी साइकियाट्रिस्ट डॉ. नितेश सिंह ने मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शारीरिक स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार और जीवनशैली जरूरी है, वैसे ही मानसिक संतुलन के लिए उचित देखभाल और सकारात्मक सोच आवश्यक है।

उन्होंने वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जिंदगी, कार्यस्थल के दबाव, पारिवारिक और आर्थिक चुनौतियों तथा विद्यार्थियों में परीक्षा के तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि लोग संकोचवश अपनी मानसिक समस्याओं को छिपा लेते हैं। उन्होंने सलाह दी कि तनाव या अवसाद की स्थिति में झिझक छोड़कर तुरंत परिवार, विश्वसनीय मित्रों या विशेषज्ञों से परामर्श लेना चाहिए। मानसिक बीमारी कोई कमजोरी नहीं है, बल्कि इसका उचित उपचार संभव है।
नर्सिंग और परामर्श की भूमिका पर दिया जोर
कार्यक्रम के दौरान साइकियाट्रिक नर्स ममता कश्यप और काउंसलर अजय ने भी मानसिक स्वास्थ्य देखभाल में नर्सिंग स्टाफ और परामर्श दाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि मरीजों की भावनाओं को सुनना और उन्हें भावनात्मक सहयोग देना उनके शीघ्र सुधार में सहायक होता है।
इस अवसर पर कॉलेज की फैकल्टी गजाला नाजमीन, विजयलक्ष्मी और शमा के मार्गदर्शन में नर्सिंग विद्यार्थियों ने अस्पताल में आए मरीजों और उनके तीमारदारों से संवाद किया। विद्यार्थियों ने जोर देकर कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, तभी एक स्वस्थ और संवेदनशील समाज की स्थापना संभव है।