चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के जसौली के समीप नेशनल हाईवे-19 पर रविवार को एक सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूरन लादकर जा रही पिकअप में एक ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और NHAI की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन संख्या BR45GB4656 सूरन लादकर मिर्जापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान जसौली के समीप ट्रेलर संख्या BR24GD3065 ने पिकअप में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया।
Pik2
केबिन में फंसे चालक को रेस्क्यू कर निकाला गया
हादसे में पिकअप चालक पंकज चौधरी (24 वर्ष), पुत्र जियुत चौधरी, निवासी ग्राम बगीचा, थाना सोनहन, जिला कैमूर-भभुआ, बिहार की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक के केबिन में फंसने के कारण उसे बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। NHAI की टीम ने काफी प्रयास के बाद चालक के शव को बाहर निकाला।

वहीं, पिकअप में सवार खलासी रितेश कुमार, पुत्र राकेश, निवासी ग्राम पट्टी, थाना सोनहन, जिला कैमूर-भभुआ, बिहार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में NHAI की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य किया। हादसे के कारण घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस दुर्घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।