चंदौली में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) संविदा कर्मियों ने नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन सहित विभिन्न मांगों को लेकर CMO कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। संघ ने मांगें पूरी न होने पर 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी।
चंदौली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले बृहस्पतिवार को जनपद भर के स्वास्थ्य कर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदे श में कार्यरत एक लाख से अधिक संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन और कैशलेस इलाज सहित अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर कर्मियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय के बाहर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित संविदा कर्मियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया।
15-18 वर्षों की सेवा का मिले फल, लागू हो 'समान कार्य-समान वेतन'
धरने को संबोधित करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष राज कुवैर सिंह और महामंत्री प्रवीण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि एनएचएम संविदा कर्मचारी पिछले 15 से 18 वर्षों से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में अपनी महत्वपूर्ण और रीढ़ की हड्डी जैसी भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें उनके अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। वक्ताओं ने मांग की कि समस्त एनएचएम कर्मियों का तत्काल नियमितीकरण किया जाए। जब तक समान कार्य-समान वेतन लागू नहीं होता, तब तक वर्तमान मानदेय में तत्काल बढ़ोतरी की जाए और आवश्यक पदों का सृजन किया जाए।
10 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस और अनुकंपा नियुक्ति की मांग
संविदा कर्मियों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कई प्रमुख मांगों को शामिल किया गया है:–
कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के लिए न्यूनतम 10 लाख रुपये की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा।
डीए (DA), ईपीएफ (EPF), एचआरए (HRA) और ग्रेच्युटी का लाभ।
गैर-जनपद स्थानांतरण (म्यूचुअल ट्रांसफर) नीति को पुनः बहाल करना।
सेवाकाल के दौरान मृत्यु होने पर आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देना।
आउटसोर्स कर्मियों को जिला स्वास्थ्य समिति (DHS) में समायोजित करना।
आगामी नियमित भर्तियों में अनुभवी एनएचएम कर्मियों के लिए 25 प्रतिशत का कोटा निर्धारित करना।
12 अक्टूबर से राजधानी में अनिश्चितकालीन महाहड़ताल की चेतावनी
संघ ने शासन-प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए अपने आंदोलन की रूपरेखा सार्वजनिक की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर त्वरित व सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 8 से 10 अक्टूबर तक संपूर्ण कार्य बहिष्कार कर विरोध जताया जाएगा।
मांगें पूरी न होने की स्थिति में 12 अक्टूबर से प्रदेश भर के संविदा कर्मी लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से दिनेश कुमार यादव, डॉक्टर संजय, डॉक्टर कुसुम, डॉ. अमर सिंह, डॉक्टर अभिषेक, डॉक्टर विजय, रुखसार, प्रियंका, धनंजय, मनीष, अभिषेक राय, डॉ. दिलशाद‚ आशुतोष तिवारी सहित जनपद के सैकड़ों संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे।