चंदौली। पारिवारिक विवादों को सुलझाकर बिखरते रिश्तों को फिर से जोड़ने में अहम भूमिका निभाने वाली चंदौली पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत शुक्रवार को जनपद के सभी थानों के मिशन शक्ति केंद्रों और परिवार परामर्श केंद्रों की ओर से ‘सम्मान एवं फीडबैक कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व में काउंसलिंग और आपसी सहमति के जरिए सुलझाए गए पारिवारिक विवादों से जुड़े दंपतियों और उनके परिजनों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन परिवारों से संवाद करना था, जिनके विवाद परिवार परामर्श केंद्र की मदद से सुलझाए गए थे और जो अब आपसी सहमति से साथ रह रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान परिवारों से काउंसलिंग के बाद के अनुभवों का फीडबैक भी लिया गया।

रानेपुर गांव पहुंचीं सीओ डॉ. चारु द्विवेदी
कार्यक्रम के तहत क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी स्वयं बलुआ थाना क्षेत्र के रानेपुर गांव पहुंचीं। यहां उन्होंने दो परिवारों से संवाद किया और उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से विवाद सुलझने के बाद उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली गई।
परिजनों ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए बताया कि आपसी बातचीत और समझौते से उनके परिवारों में फिर से खुशहाली और सामंजस्य लौटा है। पुलिस की इस पहल को रिश्तों को बचाने और परिवारों में सकारात्मक माहौल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

काउंसलिंग से सुलझ रहे पारिवारिक विवाद
मिशन शक्ति केंद्र और परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने ऐसे मामलों में मध्यस्थता की, जिनमें आपसी मनमुटाव और मतभेद के कारण परिवार टूटने की कगार पर पहुंच गए थे। काउंसलिंग के माध्यम से संबंधित पक्षों को एक-दूसरे की बात समझने, धैर्य रखने और आपसी सहमति से समाधान निकालने के लिए प्रेरित किया गया।
क्षेत्राधिकारी डॉ. चारु द्विवेदी ने परिवारों से संवाद करते हुए कहा कि छोटे-छोटे मतभेदों को बातचीत, समझदारी और परामर्श के माध्यम से सुलझाने का प्रयास करना चाहिए। इससे रिश्तों को टूटने से बचाया जा सकता है और परिवार में सौहार्द बनाए रखने में मदद मिलती है।

महिलाओं की सुरक्षा और पारिवारिक सौहार्द पुलिस की प्राथमिकता
क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य केवल अपराधों पर नियंत्रण करना ही नहीं, बल्कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनके अधिकारों की रक्षा करना और समाज में पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सकारात्मक और सुधारात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से परिवारों को आपसी विवाद सुलझाने के लिए प्रेरित किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान बलुआ थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी एवं एसएसआई जमीलउद्दीन खान, महिला आरक्षी अनामिका, महिला आरक्षी दिव्या सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।