चंदौली में बिजली विभाग और विजिलेंस टीम ने सुबह-सुबह चलाया सघन चेकिंग अभियान, बिजली चोरी करने वालों में मचा हड़कंप।
चंदौली। बिजली चोरी पर लगाम कसने के लिए बिजली विभाग और विजिलेंस टीम ने मंगलवार की सुबह पांच बजे से ही नगर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अहले सुबह अचानक घरों पर पहुंची टीम को देखकर नगरवासियों की नींद उड़ गई और हड़कंप मच गया।
विजिलेंस प्रभारी अमरेश चंद्र और अवर अभियंता प्रमोद यादव के नेतृत्व में यह संयुक्त अभियान चलाया गया। टीम ने नगर के विभिन्न वार्डों में घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन, आपूर्ति व्यवस्था और विद्युत उपभोग की स्थिति का बारी-बारी से जायजा लिया। इस अचानक हुई कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाना और राजस्व की क्षति को कम करना है। सुबह पांच बजे शुरू हुए इस अभियान से पूरे नगर में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। हालांकि, इस दौरान कितने घरों में अनियमितताएं पकड़ी गईं और कितने लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।