धानापुर ब्लॉक के रामपुर दिया गांव में कोटे की दुकान के चयन के लिए बुलाई गई खुली बैठक तीसरी बार नहीं हो सकी। अधिकारियों के नहीं पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी। बीडीओ ने लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की बात कही है।
धानापुर। जिले के धानापुर विकासखंड अंतर्गत रामपुर दिया गांव में सरकारी राशन की दुकान (कोटे) के चयन के लिए बुलाई गई खुली बैठक एक बार फिर नहीं हो सकी। मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर बैठक आयोजित की जानी थी, लेकिन अधिकारियों के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि यह तीसरी बार है, जब बैठक के लिए तारीख तय होने के बावजूद अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।
ग्रामीणों का कहना है कि कोटे की दुकान का चयन नहीं होने के कारण उन्हें राशन लेने के लिए दूसरे गांव जाना पड़ रहा है। इससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार बैठक टलने से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
तीन बार तारीख तय, फिर भी नहीं पहुंचे अधिकारी
ग्रामीण दिनेश यादव ने बताया कि रामपुर दिया ग्राम पंचायत में कोटे के चयन के लिए पिछले तीन बार से अधिकारियों द्वारा समय निर्धारित किया जा रहा है, लेकिन हर बार खुली बैठक नहीं हो पा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके दबाव में बैठक नहीं कराई जा रही है। गांव में कुछ लोग इसके पीछे सत्ता पक्ष के दबाव की आशंका भी जता रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दिनेश यादव के मुताबिक, बैठक नहीं होने का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। राशन लेने के लिए दूसरे गांव जाने से लोगों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है।
डीएम के निर्देश के बाद भी नहीं हुई बैठक
ग्रामीण चंदन यादव ने बताया कि इस मामले में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से खुली बैठक कराने की मांग की गई थी। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को बैठक निर्धारित की गई थी। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि इस बार कोटे की दुकान का चयन हो जाएगा, लेकिन अधिकारियों के नहीं पहुंचने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया।
चंदन यादव ने सवाल उठाया कि यदि बैठक नहीं करानी थी तो ग्रामीणों को बार-बार तारीख देकर परेशान क्यों किया जा रहा है? उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द खुली बैठक कराकर कोटे की दुकान का चयन कराने की मांग की।
ग्राम विकास अधिकारी का मोबाइल मिला स्विच ऑफ
मामले में ग्राम विकास अधिकारी सुनील कुमार से उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। वहीं, खंड विकास अधिकारी राकेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर रामपुर दिया गांव में खुली बैठक कराई जानी थी। हालांकि, अधिकारी मौके पर क्यों नहीं पहुंचे, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी कराई जा रही है और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समय पर कोटे का चयन नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
बैठक नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कोटे की दुकान का चयन नहीं कराया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान चंदन यादव, दिनेश यादव, पप्पू यादव, सुभाष यादव, नंदू यादव, दुलारे यादव, महेंद्र गोंड़, सदरू नाई, हृदयनारायण गुप्ता, रामायण यादव, पंकज यादव, राजेश यादव, रमेश यादव, सुरेश यादव, शिवकुमार यादव, काशीनाथ यादव, शरद यादव, अरुण यादव, अनुराग यादव, अजय यादव, कृष्णा यादव, धर्मेंद्र यादव, क्रिसल्य यादव, अवधेश यादव, जानकी यादव, हीरा देवी, पूनम यादव, इंदु देवी, नौरंगी देवी, इंद्रावती यादव और कुमारी देवी सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है और रामपुर दिया गांव में कोटे की दुकान के चयन की प्रक्रिया कब पूरी होती है।