चंदौली। जनसेवा केंद्र संचालक से असलहे के बल पर हुई करीब 6 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने त्वरित और बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना का सफल खुलासा किया है। पुलिस टीम ने मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2,87,140 रुपये नकद, एक स्विफ्ट डिजायर कार, सात मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस पूरे मामले का खुलासा सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय ने कोतवाली परिसर में किया।
Chor 2
​घटना 9 अक्टूबर की रात की है। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे बदमाशों की कार बबुरी रोड पर लोहे के एक संकेतक से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो संदिग्ध भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। इसी बीच अलीनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना से जुड़े चार अभियुक्तों को धर दबोचा।

​गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
​सुधांशु यादव – निवासी छोटालालपुर, थाना लालपुर पांडेयपुर, वाराणसी
​पीयूष यादव उर्फ बाबू – निवासी उमरहां, थाना चौबेपुर, वाराणसी।
​मनीष यादव – निवासी उमरहां, थाना चौबेपुर, वाराणसी। 
​अनुज यादव – निवासी नरायनपुर, वाराणसी। 
​
​पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल प्रिंस यादव, अभिषेक पाल, कल्लू और करन सहित कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ चंदौली कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

​सफल गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली टीम में सदर कोतवाल विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, उपनिरीक्षक रामजीत यादव, उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्य, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक रामसुजान यादव व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।