चंदौली नगर स्थित सती माता मंदिर प्रांगण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) नगर इकाई द्वारा विजयादशमी उत्सव और शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता अजय ने स्वयंसेवकों को समाज व राष्ट्र हित में एकजुट रहने का संदेश दिया।
चंदौली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नगर इकाई के तत्वावधान में मंगलवार की सुबह चंदौली नगर स्थित ऐतिहासिक सती माता मंदिर प्रांगण में विजयादशमी उत्सव एवं शस्त्र पूजन का भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रातः 8:30 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 60 से 70 पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ वैदिक मंत्रोचार के बीच परंपरा के अनुसार शस्त्र पूजन के साथ किया गया।
शास्त्र से राष्ट्र रक्षा और धर्म का फैलाव
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता अजय जी ने समाज और राष्ट्र के समक्ष मौजूद चुनौतियों और अधर्म पर विजय प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि "शास्त्र से राष्ट्र की रक्षा होती है और शस्त्र से शास्त्र का संरक्षण होता है।"
उन्होंने संघ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसी दूरदर्शी सोच के साथ परम पूज्य डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी ने वर्ष 1925 में विजयादशमी के ही दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी। आज संघ का प्रभाव जैसे-जैसे देश में व्यापक हो रहा है, वैसे-वैसे धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की जड़ें भी मजबूत हो रही हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर संघचालक माननीय दयानंद जी ने की, जबकि मुख्य शिक्षक के रूप में दिव्यांशु जी ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर नगर कार्यवाह भरत जी, सुशील जी, राकेश जी, संजय जी, महेश जी और राहुल जी सहित संघ के कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी तथा स्वयंसेवक उपस्थित रहे।