चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के फुटिया मोड़ के पास मंगलवार देर रात शराब के नशे में दो दोस्तों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि प्रिंस उर्फ बाली ने अपने साथी रामदास पर शराब की खाली बोतल से हमला कर दिया। हमले में रामदास के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। घायल को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात दोनों दोस्त सैयदराजा से रामलीला देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर फुटिया मोड़ के पास एक चाय की दुकान पर किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि साथी के वहां से भाग जाने की बात को लेकर उनके बीच दोबारा कहासुनी हुई।

आरोप है कि इसी बात से नाराज प्रिंस उर्फ बाली ने रामदास पर शराब की खाली बोतल से वार कर दिया। हमले में रामदास गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि घायल रामदास सुंडेहरा गांव का निवासी है, जबकि आरोपी प्रिंस उर्फ बाली फुटिया गांव का रहने वाला है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

इस संबंध में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बताया कि घायल युवक का ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।