सकलडीहा। सकलडीहा थाना क्षेत्र के पौरा गांव निवासी 40 वर्षीय आशा देवी 26 सितंबर से लापता हैं। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद पति गुलजार कनौजिया ने 7 अक्टूबर को सकलडीहा कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू करते हुए महिला की तलाश तेज कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, आशा देवी पारिवारिक परिस्थितियों के चलते मानसिक रूप से परेशान थीं। उनके अचानक लापता होने से परिवार के लोग चिंतित हैं। आशा देवी के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। इनमें से एक पुत्र और एक पुत्री की शादी हो चुकी है।

परिजनों ने लोगों से की मदद की अपील
काफी खोजबीन के बाद भी आशा देवी का पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी। गुमशुदगी की सूचना दर्ज होने के बाद पुलिस महिला की तलाश में जुटी है। परिजनों ने लोगों से अपील की है कि यदि आशा देवी कहीं दिखाई दें या उनके बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस अथवा परिवार को सूचित करें।